शहीद जगदीश सिंह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट शुरू हो गया है। उद्घाटन मुकाबला कैनाल एफसी टीम ने जीत अगले चक्र में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन उद्योगपति नरेंद्र लडवाल ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण और शहीद वीरांगना गीता देवी को शाल भेंट कर किया।
यहां अंबेडकर ग्राम फागपुर खेल मैदान में शारदा वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित प्रथम शहीद जगदीश सिंह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला टनकपुर स्टेडियम और कैनाल एफसी बनबसा के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित समय तक बिना गोल किए बराबर रही।
बाद में पेनल्टी शूट आउट से हुए मुकाबले में कैनाल की टीम ने फतह हासिल की। मैच के रेफरी गौरव चंद थे, लाइनमैन की जिम्मेदारी अक्षय कोहली और नीरज कोहली ने निभाई। आयोजक कमेटी अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि टूर्नामेंट में 16 टीमों ने पंजीकरण कराया है।
सचिव राजू जोशी ने बताया कि विजेता टीम को 21 और उपविजेता टीम को 11 हजार की नकद राशि पुरस्कार में दी जाएगी। इस मौके पर प्रधान गीता देवी, कमेटी उपाध्यक्ष जगवीर सिंह, एलायंस क्लब अध्यक्ष कै. हरीश कापड़ी, सचिव अरुण सोराड़ी, कोषाध्यक्ष राज सिंह भदौरिया, थानाध्यक्ष बीआर पौरी, एसओटीएफ प्रभारी मो. आशिफ आदि मौजूद थे। संचालन मनोज कालाकोटी ने किया।