नगर के डाक बंगला मार्ग पर एक निजी कंपनी ने केबल बिछाने के लिए रोड के किनारे जगह-जगह सड़क खोद दी है।
इससे लोगों और वाहन संचालकों को दिक्क्तें हो रही है। नाली खुदान के कारण इस मार्ग पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। हालांकि इस कार्य में लगे श्रमिकों की ओर से मिट्टी डालकर नालियों को बंद भी किया जा रहा है।
एक सप्ताह से डाक बंगला रोड पर केबल बिछाने के लिए सड़क के किनारे लगभग तीन-चार फिट के गड्ढे खोद दिए गए हैं।
गड्ढों के भरान के लिए डाली गई मिट्टी में वाहन संख्या यूके 03-टीए 0058 पास देने के चक्कर में नाले में धंस गया। मौके पर नवीन बोहरा, मनोज साह, कमल राय, श्याम सिंह ढेक आदि ने कहा कि सड़क किनारे गड्ढे खोदकर उनमें मिट्टी भरकर खानापूरी की जा रही है। लोगों ने लोनिवि से शीघ्र मार्ग को ठीक करने की मांग की है। उधर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी का कहना है कि सुंई मार्ग और पाटन पुल से गलचौड़ा में किसी कंपनी ने रोड के किनारे केबल बिछाने के लिए गहरी नालियां खोद दी हैं, इससे दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया है।
इस संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता बीएस पुंडीर का कहना है कि अभी तक उनसे किसी ने कोई भी अनुमति नहीं ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अभियंताओं को सड़क के किनारे नाली का खुदान करने वाले लोगों की जानकारी देने के लिए निर्देशित किया है।