ऐड़ी देवता के धाम ब्यानधूरा में श्रद्घालुओं के साथ रात्रि जागरण में बैठे विधायक कैलाश गहतोड़ी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। ऐड़ी देवता के प्रसिद्ध धाम ब्यानधूरा में आयोजित उत्तरायणी मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने ऐड़ी देवता को धनुष-बाण चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसाद वितरण और भंडारे के साथ बृहस्पतिवार को मेले का समापन हुआ। क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी भी ऐड़ी देवता के दर्शन को ब्यानधूरा मेले में पहुंचे।
श्री ब्यानधूरा मंदिर सेवा समिति की ओर से हर साल मकर संक्रांति का मेला लगता है। इस बार भी मेले का सफल आयोजन हुआ। समिति के अध्यक्ष और पुजारी पं. शंकर दत्त जोशी ने बताया कि दस हजार से अधिक भक्तों ने ऐड़ी देवता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि समिति ने श्रद्धालुओं के लिए मेले में बेहतर व्यवस्था की थी। बुधवार को रात्रि जागरण और भजन-कीर्तन के बाद बृहस्पतिवार सुबह विशेष पूजा हुई। इसमें देव डांगरियों ने भक्तों की बाधाएं दूर कर उन्हें आशीर्वाद दिया। मेले में चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर, बनबसा, सूखीढांग, रीठा साहिब के अलावा ऊधम सिंह नगर जिले के चकरपुर, खटीमा, झनकट, नानकमत्ता, सितारगंज और नैनीताल जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऐड़ी देवता के धाम ब्यानधूरा पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ ब्यानधूरा पहुंचे। मेले के आयोजन में मंदिर समिति विशन सिंह महरा, पवन महरा, जीवन चौहान, सतपाल जोशी, पुजारी दयाकिशन, प्रकाश जोशी, प्रेम सिंह, खीम सिंह, हयात बिष्ट, जगदीश महरा आदि ने सहयोग दिया।