मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वर्ष 2022 तक प्रदेश में कोई युवक बेरोजगार नहीं रहेगा। हर हाथ को काम दिया जाएगा। प्रदेश का सतत विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक विकास एवं गरीबी दूर करना ही सतत विकास यात्रा है। । इससे पूर्व कुमाऊं में बनबसा से शुरू हुई कांग्रेस की सतत विकास यात्रा को मुख्यमंत्री के वहां नहीं पहुंचने से विधायक हेमेश खर्कवाल ने हरी झंडी दिखाकर टनकपुर के लिए रवाना किया।
टनकपुर के तुलसीराम चौराहे पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले चार सालों में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा। 50 हजार नौजवानों को उद्यमों से जोड़ने के साथ सालभर में एक हजार सड़कों पर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गरीबों की गरीबी दूर करना है। 2020 तक राज्य में कोई भी परिवार बीपीएल नहीं रहेगा। उन्होंने नोटबंदी के फैसले पर कहा कि केंद्र की बगैर कार्ययोजना तैयार किए नोटबंदी से पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को नुकसान उठाना पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके समक्ष राज्य का और विरोधी पार्टियों के धुरंधर पहलवानों की घेराबंदी की चुनौती है, लेकिन जनता के विश्वास और सहयोग से वे इन चुनौतियों का डटकर सामना करेंगे। विधायक हेमेश खर्कवाल ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपना राजनैतिक गुरु बताते हुए कहा कि उनके ही आशीर्वाद से वे क्षेत्र को शिक्षा का हब बना पाए हैं। उन्होंने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए सतत विकास के लिए कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
टनकपुर में इन विकास योजनाओं का सीएम ने किया शिलान्यास
योजना लागत
टनकपुर-जौलजीबी मार्ग 252.81 करोड़।
मनिहारगोठ-सैलानीगोठ पेयजल योजना 3.72 करोड़।
चंपावत नर्सिंग संस्थान 23.62 करोड़।
टनकपुर वार्ड एक में सीसी मार्ग 52 लाख।
गैंड़ाखाली में संपर्क मार्ग 74.80 लाख।
टनकपुर में आरटीओ कार्यालय संपर्क मार्ग 1.22 करोड़।
चंपावत नगर पंपिंग पेयजल योजना 30.88 करोड़।
टनकपुर में इन योजनाओं का किया लोकार्पण
योजना लागत
पंचेश्वर पुलिस थाना भवन 77.89 लाख।
ठुलीगाड़ पुलिस थाना भवन 98.60 लाख।
सिप्टी विपणन केंद्र आवास 79.19 लाख।
टनकपुर ट्रामा सेंटर 90.97 लाख।
नायकगोठ व थ्वालखेड़ा में बाढ़ सुरक्षा 8.74 करोड़।