टनकपुर (चंपावत)। भारत-नेपाल के बीच होने वाले कारोबार में व्यापार कर चोरी के पकड़े गए मामले में विभाग ने 3.97 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसमें लिप्त फर्म से जुर्माना वसूलने के बाद ट्रक और सामान छोड़ दिया है। कर चोरी को गंभीरता से लेते हुए सचल दल को नियमित चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापार कर विभाग के सचल दल ने सोमवार शाम बनबसा में चेकिंग के दौरान एक ट्रक को पकड़कर भारत-नेपाल के बीच सामानों के आयात-निर्यात में व्यापार कर की चोरी के खेल का खुलासा किया। बताया गया कि ट्रक में लदे सामान की जांच हुई तो ज्यादातर सामान ऐसा था जिसका व्यापार कर अदा नहीं किया गया था। सचल दल के सहायक आयुक्त अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि पकड़ा गया सामान बनबसा के गर्ग इंटरप्राइजेज फर्म का था।
कर चोरी का आकलन कर फर्म स्वामी से 3.97 लाख रुपये का जुर्माना वसूलने के बाद ट्रक और सामान को छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल के बीच कारोबार में कर चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं जिस पर अंकुश लगाने के लिए सचल दल को नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि बनबसा सीमा के रास्ते भारत-नेपाल के बीच रोजाना बड़ी मात्रा में सामान का आयात-निर्यात होता है। सूत्रों के मुताबिक वैधानिक कारोबार की आड़ में कई कारोबारी और ट्रांसपोर्टर व्यापार कर की चोरी से सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे है।
फर्जी रायल्टी की जांच में राजस्व चोरी मिली तो ठेकेदार से होगी वसूली
टनकपुर (चंपावत)। फर्जी वाहनों के नंबर से रायल्टी काटकर राजस्व का चूना लगाने के मामले की जांच छह दिन बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। निगम ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर इसमें लिप्त कर्मचारी को कांटे से हटा दिया है। विभाग का कहना है कि जांच में राजस्व की चोरी मिली तो ठेकेदार से वसूली की जाएगी।
कालाझाला निकासी गेट के कांटे पर तैनात ठेकेदार के कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा करीब तीन दर्जन ऐसे नंबर के वाहनों की रायल्टी काटने का मामला पकड़ में आया है जो खनन में पंजीकृत ही नहीं है। इन वाहनों में कुछ ई-रिक्शा और कुछ बाइकों के भी नंबर शामिल होने की आशंका जताई गई थी। विभाग कमेटी गठित कर मामले की जांच कर रहा है।
प्रभारी खनन प्रबंधन डीएसएम राकेश कुमार का कहना है कि रायल्टी से जुड़ी पत्रावलियों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में यदि राजस्व की चोरी का मामला सामने आया तो संबंधित ठेकेदार से वसूली की जाएगी। संवाद