चंपावत। अमर उजाला द्वारा यातायात सेवा को लेकर चलाए अभियान का असर हुआ है। शुक्रवार को रीठा साहिब से लोहाघाट-चंपावत-नानकमत्ता होते हुए हल्द्वानी तक बस का संचालन शुरू हो गया। रीठा साहिब बस सेवा को लेकर अमर उजाला ने तीन मार्च को इस तीर्थस्थल के लिए एक भी रोडवेज बस सेवा नहीं..शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
लधिया घाटी क्षेत्र में एकमात्र टैक्सी-जीप ही आवाजाही का जरिया है। इन वाहनों में लोगों को न केवल ओवरलोड का शिकार होना पड़ता था, बल्कि अधिक किराया देने को भी मजबूर होना पड़ता था। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए रीठा साहिब से लोहाघाट-चंपावत-नानकमत्ता होते हुए हल्द्वानी बस सेवा शुरू कर दी गई है। रीठा साहिब गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि रोडवेज बस सेवा से लधिया क्षेत्र के मुसाफिरों को खासी राहत मिलेगी।