टनकपुर (चंपावत)। शिमला रूट पर संचालित रोडवेज बस में सवार एक नेपाली नागरिक को जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर उससे करीब 60 हजार रुपये की नकदी उड़ा दी। शनिवार सुबह शिमला रूट की रोडवेज बस के परिचालक अमरजीत सिंह और चालक ने टनकपुर पहुंचने पर सीट पर बेहोश पड़े नेपाल के राजापुर जिला बरदिया निवासी हरि (48) पुत्र लोटन थारू को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। डाॅ. जितेंद्र जोशी, वार्ड बाॅय कर्मवीर ने उसका प्राथमिक इलाज किया।
वह दोपहर तक अर्ध बेहोशी की हालत में था। शिमला में उसके साथियों को सूचना दी गई। उन्होंने नेपाल में उसके परिजनों को सूचना दी। घर से पिता लोटन थारू, पत्नी जानकी और अन्य लाेग नेपाल से एंबुलेंस से पहुंचे। अस्पताल में यात्री की पत्नी जानकी ने बताया कि पति शिमला में मजदूरी करते हैं। साथियों ने बताया कि वह करीब 60 हजार रुपये लेकर घर जा रहा था। कोतवाल रावत ने बताया कि परिजन नेपाली यात्री को लेकर नेपाल चले गए हैं। पुलिस उनके संपर्क में है। प्रथम दृष्टया जसपुर के ढाबे में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है, जांच जारी है।