शहर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांधी मैदान में नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा मेले में शानदार आतिशबाजी के बीच रावण, मेघनाथ, कुंभकरण और कूड़े का पुतला फूंका गया। बड़ी संख्या में लोगों ने मेलेे में शिरकत कर पुतला दहन और आतिशबाजी के नजारे का लुत्फ उठाया। भगवान श्रीराम धनुष से छोड़े गए तीर से पुतलों का दहन शुरू हुआ।
मुख्य अतिथि विधायक के बड़े भाई मदन गहतोड़ी ने मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला मौजूद थे। कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा अग्रवाल, सचिव मनोज प्रजापति ने मेले के सफल आयोजन के लिए सहयोगियों का आभार जताया। मेले के सफल आयोजन में कमेटी अध्यक्ष एवं सचिव के अलावा गौरव गुप्ता, विशाल अग्रवाल, अमित परवेज, सुनील वाल्मीकि, सौरभ गुप्ता, नीरज सिंह, पंकज अग्रवाल, मयंक पंत आदि ने सहयोग दिया।
रावण के साथ कूड़े का भी पुतला जलाया
टनकपुर। शहर की नवयुवक रामलीला कमेटी ने दशहरा मेले में लोगों को स्वच्छता के प्रति सजग करने की पहल शुरू की है। शनिवार को गांधी मैदान में आयोजित मेले में कमेटी ने रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के साथ ही इस बार कूड़े का भी पुतला दहन कर स्वच्छता का संदेश दिया। समिति की अध्यक्ष प्रतिभा अग्रवाल का कहना है कि मेले जैसे सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता जैसे जनहित के राष्ट्रीय अभियानों के प्रचार-प्रसार का और कोई बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। उनकी कमेटी ने विचार-विमर्श के बाद इस पहल की शुरुआत की है।