हैंड फ्री बाइक चलाने वाले नवीन कार्की पर बनाई गई डाक्यूमेंट्री पूरी हो गई है। बीते दिनों दिल्ली में डाक्यूमेंट्री का प्रोमो किया गया। तकरीबन दो घंटे की इस डाक्यूमेंट्री में नवीन के साथ ही आठ अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने हैरतअंगेज कारनामे दिखाए।
अमर उजाला और माउंटेन ड्यू ने सात सितंबर को नोएडा में ‘नाम बनते हैं रिस्क से’ कार्यक्रम में नौ लोगों पर एक डाक्यूमेंट्री बनाई थी। बीते दिनों दिल्ली में इस डाक्यूमेंट्री का विमोचन किया गया। डाक्यूमेंट्री में नवीन कार्की के अलावा विकलांग माउंटेरिंग पद्मश्री अरुणिमा सिन्हा, दिल्ली निवासी स्काई डाइवर जयकिशन, हरियाणा के माउंटेरिंग रामलाल, बिजनौर के विकलांग बल्लेबाज सुमित, महाराष्ट्र की स्काई जंपर शीतल महाजन, मेरठ के बेस जंपर सत्येंद्र सिंह, हरियाणा निवासी वर्ल्ड चैंपियन ईशा और घोस्ट राइडर ग्रुप शामिल हैं।
प्रोमो से लौटे नवीन कार्की ने बताया कि ‘नाम बनते हैं रिस्क से’ कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद उनका हौसला काफी बढ़ गया है। उन्हें लगता है कि यह कार्यक्रम उनके कॅरिअर को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा। कई खिताबों को अपने नाम कर चुके नवीन का ध्यान अब गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराने पर है। डाक्यूमेंट्री के प्रोमो के दौरान अमेठी के सांसद संजय सिंह, माउंटेन ड्यू के मैनेजिंग डायरेक्टर नितिन भंडारी और अमर उजाला के वरिष्ठ संपादकों ने सभी जांबाजों को सम्मानित किया।