गर्मी में एक ओर जहां लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जलसंस्थान लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है। नलों में न सिर्फ दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, बल्कि पानी में कीड़े भी निकल रहे हैं। शहर के वार्ड संख्या तीन शारदा कालोनी के लोग कई दिनों से यह समस्या झेल रहे हैं। सूचना के बाद भी जलसंस्थान ने कोई कार्रवाई नहीं की।
संयुक्त चिकित्सालय से लगी शारदा कालोनी के लोगों का कहना है कि बीते एक सप्ताह से उनके नलों में पानी के साथ छोटे-छोटे कीडे़ निकल रहे हैं। मजबूरन उन्हें आरओ के पानी के जार खरीदने पड़ रहे हैं।
लाइन टूटना हो सकता है कारण : जेई
जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता बीएस कुवार्बी का कहना है कि शहर के जलापूर्ति करने वाले ओवरहेड टैंकों का हर दिन नियमित रूप से क्लोरिनेशन होता है। सुबह-शाम सोडियम हाइपो डालकर टैंकों की सफाई की जाती है। शारदा कालोनी के जिन घरों में पानी में कीडे़ निकल रहे हैं, हो सकता है उनके कनेक्शनों की लाइनें क्षतिग्रस्त हो। इसका पता लगाकर जल्द समस्या दूर कराई जाएगी।
पहले भी पैदा हुई थी समस्या
पूनम कोहली का कहना है कि नलों में गंदा पानी आ रहा है। पहले भी यह समस्या पैदा हुई थी। पानी का रंग और उसमें निकल रहे कीड़ों को देखकर पानी को पीना तो दूर उसे अन्य उपयोग में लाने में भी बच रहे है।
लोगों की सेहत से खिलवाड़
गायत्री देवी का कहना है कि जलसंस्थान को लोगों के स्वास्थ्य की परवाह नहीं है। दूषित पानी की सप्लाई कर लोगों को बीमार करने का काम किया जा रहा है। बर्तनों में पानी रखने पर पानी में कीड़े साफ दिखाई दे रहे हैं।
स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
ललित मोहन जोशी का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से नल में दूषित पानी आ रहा है। जलसंस्थान को सूचित करने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी तरह दूषित पानी आता रहा तो लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
प्रशासन को लेना चाहिए संज्ञान
पूजा भट्ट का कहना है कि पानी इतना गंदा आ रहा है कि उसे पीना तो दूर उससे घर में पोछा लगाने और कपड़े धोने की भी इच्छा नहीं कर रही है। विभाग की इस लापरवाही को प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।