एक माह से अधिक समय से बीएसएनएल सेवाएं ठप होने के बावजूद भारी-भरकम फोन बिल थमाने से यहां के लोगों में गुस्सा है। लोगों ने बीएसएनएल के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि बीएसएनएल को लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
इंटरनेट सेवा ठप पड़ने से लोग यहां से 30 किमी दूर लोहाघाट आकर अपने कार्य कर रहे है। सबसे अधिक दिक्कत ऑनलाइन भर्ती के फार्म भरने वाले युवाओं को हो रही है। उनके अनावश्यक धन और समय की बर्बादी हो रही है।
इंटरनेट से जुडे़ कारोबारी सुरेंद्र सिंह, भगीरथ सोराडी, सुरेश चंद्र, दीपक जोशी, ललित पचैली आदि का कहना था कि ब्राडबैंड की सुविधा न होने से उनका कारोबार चौपट हो गया है। रही सही कसर बीएसएनएल ने पूरी कर दी है। बीएसएनएल ने एक से दो हजार रुपये के बिल थमाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि बीएसएनएल की इस मनमानी के खिलाफ वे उपभोक्ता फोरम में जाएंगे। कमल किशन, मदन राम, मनोज भट्ट, हेम चंद्र, ललित गहतोड़ी, बहादुर सिंह, राजेंद्र बोहरा, हेम शर्मा, भुवन बोहरा, विरेंद्र सिंह, पूरन सिंह, ललित सोराडी आदि ने प्रशासन से शीघ्र बीएसएनएल सेवा शुरू करने की मांग की।