चंपावत। जिले के पहाड़ी हिस्से की भारत संचार सेवा निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की संचार सेवा करीब 19 घंटे ठप रही। ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कटने से चंपावत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों के दो लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित रहे। साइबर कैफे से लेकर बैंक के कामकाज पर बुरा असर पड़ा।
शनिवार शाम करीब चार बजे से चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी, देवीधुरा, रीठा साहिब आदि क्षेत्रों के बीएसएनएल के फोन और मोबाइल सेवा बे-काम हो गए। संचार ठप होने से ब्रॉडबैंड सेवा भी बुरी तरह प्रभावित रही। शनिवार शाम को बैंक और एटीएम की सेवा पर भी इसका असर रहा। जिले में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां अभी भी सिर्फ बीएसएनएल नेटवर्क है। इस वजह से गुमदेश, तल्लादेश, लधिया घाटी आदि क्षेत्रों की संचार सेवा पूरी तरह से बाधित रही। तकनीकी टीम ने केबल जोड़ी। तभी रविवार सुबह करीब 11 बजे सेवा सुचारु हो सकी। इधर बीएसएनएल लोहाघाट क्षेत्र के अभियंता संजीव कन्नौजिया का कहना है कि देवीधुरा-खेतीखान के बीच ओएफसी कटी थी। तकनीकी टीम को भेज इसे करीब 11 बजे दुरुस्त कराया गया।