जिला मुख्यालय में खटकना पुल के पास भारी बारिश के कारण एनएच का एक हिस्सा टूट गया है, इससे इस स्थान पर हादसे का खतरा पैदा हो गया है। इस स्थान पर स्कपर के बंद होने के कारण नाली के पानी ने भूकटाव करते हुए सड़क को भी अपनी जद में ले लिया है।
एनएच के अवर अभियंता वीरेंद्र कुमार का कहना है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द ठीक कराया जाएगा। दूसरी ओर बीते चार दिनों से बंद आंतरिक मोटर मार्गों से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। धौन-दियूरी, रीठा-अमोड़ी मार्ग पर जेसीबी के जरिए मलबा हटाया जा रहा है। इसके अलावा एनएच पर भी चल्थी, बनलेख, सिन्याड़ी और अमरूबैंड आदि स्थानों में मलबा हटाने का कार्य जारी रहा।
चंपावत जिले की चौथे दिन बंद सड़कें
लोनिवि चंपावत की बंद सड़कें- 1.रीठा-अमोड़ी-बिनवालगांव 2.धौन-दयूरी।
लोनिवि लोहाघाट की बंद सड़कें- 1.ढोलीगांव-पारस-रिखोली 2.रिठाखाल-मनटांडे 3.गल्लागांव-देवलमाफी 4.तड़ीगांव-इंद्रपुरी 5.दियारतोली-बांसवेट्टा, 6.बांकू-सुल्ला-पासम 7.रौशाल-असलाड़।
पीएमजीएसवाई चंपावत की बंद सड़कें- 1.धौन-सल्ली 2. एनएच 125 से तल्ला बापरू।
शारदा नदी का जल स्तर
जिला आपदा परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार जिले में बीते 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है। तहसील टनकपुर के अंतर्गत शारदा नदी का जल स्तर सायं तीन बजे डिस्चार्ज 56,720 क्यूसेक, वाटर लेवल-219.70 मीटर दर्ज किया गया है जो खतरे के निशान से नीचे है।
चौखामा बाबा मंदिर को खतरा
पिछले दिनों हुई भारी बारिश से चमदेवल के चौखाम बाबा मंदिर की दीवार ध्वस्त हो गई है। इससे मंदिर को खतरा पैदा हो गया है। मेला समिति के अध्यक्ष कुंवर सिंह प्रथोली एवं संरक्षक जोगा सिंह धौनी का कहना है कि दीवार गिरने से मंदिर किसी भी गिर सकता है। इसकी जल्द मरम्मत करने की मांग की गई है।