लोहाघाट(चंपावत)। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने सोमवार को उप जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से बात की तो तमाम खामियां सामने आईं। लोगों ने शिकायत की कि अस्पताल में आईसीयू होते हुए भी स्टाफ के अभाव में इसका संचालन नहीं किया जा रहा है जिसके कारण मरीजों को निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ती है। इस पर सीएमओ ने स्टाफ न होने का हवाला देते हुए सफाई देने की कोशिश की तो स्वास्थ्य सचिव ने सख्त निर्देश दिए कि कहीं से भी स्टाफ लाओ आईसीयू तो तीन दिन के भीतर चालू करना ही होगा।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा आईसीयू के लिए नियमित कर्मचारी न मिलें तो आउटसोर्स पर तैनाती की जाए। लोहाघाट के साथ ही चंपावत जिला अस्पताल के आईसीयू में स्टाफ तैनाती के साथ-साथ दवा की पूरी व्यवस्था की जाए। लोगों ने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया जिस पर स्वास्थ्य सचिव ने जल्द ही हड्डी रोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं डॉक्टरों ने भी सचिव को जीवन रक्षक दवा, उपकरणों और अन्य सुविधाओं की समस्या बताई। जिस पर स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को जल्द व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
इससे पहले स्वास्थ्य सचिव ने इमरजेंसी, दंत रोग विभाग, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, लैब, जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल को डेंगू के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए डेंगू वार्ड, मच्छरदानी की उचित व्यवस्था, पानी की निकासी, साफ सफाई और दवा के छिड़काव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। यहां स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. तारा आर्या, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, डॉ. कुलदीप यादव, मुकुल राय, राजू गड़कोटी, सचिन जोशी आदि मौजूद रहे।
....................
पीएम दौरे से पूर्व स्वास्थ्य सचिव ने परखीं स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
-निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। प्रधानमंत्री के संभावित दौरा स्थलों पर उपकरण, मेडिकल स्टाफ के साथ ही एंबुलेंस तैनात की जाए। सभी उपकरणों और एंबुलेस की ठीक से जांच सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने पिथौरागढ़ में कहीं।
सोमवार को यहां पहुंचे स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने इग्यारदेवी पीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की पीएचसी में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। स्वास्थ्य सचिव ने सीएमओ डाॅ. एचएस ह्यांकी से जिले के बाहर से आने वाली कार्डियक एंबुलेंस और स्पेशलिस्ट चिकित्सक की तैनाती की जगह के संबंध में जानकारी ली। विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने चंडाक में निर्माणाधीन मेडिकल काॅलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण स्थल पर मशीनरी बढ़ाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विकास भवन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं मंडल डाॅ. तारा आर्या, एडीएम एफआर चौहान, प्रधानाचार्य मेडिकल कालेज डाॅ. अजय आर्या, आईईसी अधिकारी अनिल सती, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आरके जोशी, डाॅ. कुंदन कुमार, नवल चौधरी, मोनू मोहित पंत, चंदन बिष्ट आदि मौजूद रहे। ।