मौनपोखरी में शनिवार को लगे शिविर में एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बिजली, पेयजल, इंदिरा आवास, शौचालय निर्माण सहित 56 समस्याएं सुनीं। ग्रामीण मान सिंह ने कठनौली में झूलते तारों से निजात दिलाने, हीरा सिंह मेहर ने कुल्ला तोक को विद्युतीकृत करने की मांग की।
मौनपोखरी बैंड से मौनपोखरी तक मार्ग निर्माण, शौचालय निर्माण में हो रही हीलहवाली, मौनपोखरी जूनियर हाईस्कूल का उच्चीकरण, प्राथमिक विद्यालय की टपक रही छत की मरम्मत, क्षतिग्रस्त पंचायत घर की मरम्मत आदि की मांग की गई। एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को 20 दिनों के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं मौनपोखरी गांव में कुछ जगह उगी भांग की खेती को कटवाने के राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिए। 12 लोगों को बीपीएल क्रमांक जारी करने के अलावा पांच वृद्धावस्था और एक विकलांग पेंशन के आवेदन पत्र भरे गए। शिविर में बीडीओ शिल्पी पंत, रेंजर बीएम टम्टा, एसीएमओ डॉ . रश्मि पंत, राजस्व निरीक्षक विनोद वर्मा, उप निरीक्षक शंकरलाल वर्मा आदि मौजूद थे।