चूका के अवैध खनिज भंडारण को सीज कराते एसडीएम दयानंद सरस्वती और उप खनन निदेशक राजपाल लेघा।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने लधिया नदी के चूका क्षेत्र से अवैध खनन के मामले में पुल निर्माण कर रही ब्रिडकुल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को कार्यदायी एजेंसी पर 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही अवैध खनन में लगे पांच डंपरों और एक पोकलैंड मशीन को जब्त कर लिया गया है।
निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी रोड पर चूका में लधिया नदी पर राज्य सरकार के उपक्रम ब्रिडकुल की ओर से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल का ठेका दो कंपनियों को दिया गया है। पुल निर्माण की आड़ में कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदारों के लधिया नदी के चूका क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायत मिलने पर एसडीएम दयानंद सरस्वती और उप खनन निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने 26 और 27 मई को छापा मारा था। उस समय एजेंसी के ठेकेदारा द्वारा अवैध खनन करने का भंडाफोड़ हुआ था।
एसडीएम दयानंद सरस्वती ने बताया कि अवैध खनन में लगे पांच डंपरों और एक पोकलैंड मशीन जब्त किया गया है। मौके पर अवैध रूप से डंप किया गया 952 घन मीटर आरबीएम और 4150 घन मीटर बजरी को भी सीज कर कार्यदायी विभाग पर 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एसडीएम ने बताया कि जुर्माना तय कर अग्रिम कार्रवाई के लिए मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।