लोहाघाट में चोरों द्वारा तोड़े चोरी किए गए आभूषणों ्गए लॉकरों को दिखाता व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर में रामलीला मैदान के पास चोरों ने एक सुनार की दुकान के ताले काटकर दुकान में रखे लाखों रुपये के आभूषण साफ कर लिए। नगर में हुई चोरी इस घटना से व्यापारियों हड़कंप मचा हुआ है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
रामलीला मैदान के समीप स्थित कोकिला ज्वैलर्स के स्वामी राकेश वर्मा रोज की तरह बुधवार को सुबह जब वह अपनी दुकान में गए तो उन्हें दुकान के दोनों ताले कटे मिले। दुकान के तालों को कटा देखकर वह सकते में आ गए। आनन फानन में जब दुकान के भीतर गए तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर दुकान के लॉकर टूटने के साथ वहां रखे सोने के सभी आभूषण गायब थे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी मिलने पर एसएचओ भूपेंद्र सिंह बृजवाल दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों का शीघ्र पता लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि चोर दुकान के अंदर के लॉकरों को ताला तोड़कर उनमें रखे सोने के सभी आभूषण साफ कर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि चोर दुकान में रखे चांदी और सोने की तरह दिखने वाले बनावटी गहनों वहीं छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि पुलिस ने दुकान स्वामी की तहरीर पर चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चोरी का खुलासा करने के लिए दो अलग अलग टीमें गठित की गई हैं। एक टीम का नेतृत्व एसओ स्वयं कर रहे हैं, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व एसआई हेमंत कठैत कर रहे हैं।