लोहाघाट जिला सहकारी बैंक में लेन देने के लिए उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) की खेतीखान शाखा के दो बैंक कर्मियों ललित बिष्ट व राजेंद्र वर्मा की बैंक के गार्ड दिनेश बोहरा द्वारा हत्या से खेतीखान क्षेत्र अभी भी दहशत से नहीं उबर पाया है। बैंक प्रबंधन ने बैंक की खेतीखान शाखा के प्रबंधक नरेश लाल को उनके अनुरोध पर यहां से स्थानांतरित कर दिया है।
बैंक के महाप्रबंधक राम अवध ने बताया कि नरेश लाल को बाराकोट शाखा भेजा गया है। उन्होंने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। वहीं लोहाघाट शाखा भेजे गए बाराकोट के शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश ने भी कार्यभार ले लिया है। खेतीखान शाखा में नए प्रबंधक व कैशियर को भेजा जाएगा। किमतोली के शाखा प्रबंधक संजय कुमार और लोहाघाट के कैशियर धीरज मौनी का स्थानांतरण खेतीखान शाखा के लिए किया गया है। कैशियर मौनी ने फिलहाल खेतीखान शाखा में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जबकि शाखा प्रबंधक अभी किमतोली से कार्यमुक्त नहीं हुए हैं।
बैंक से कम लेनदेन कर रहे खेतीखान के लोग
लोहाघाट (चंपावत)। डीसीबी की खेतीखान शाखा में 16 मार्च को दो बैंक कर्मियों की हत्या के आठ दिन बाद भी खेतीखान शाखा में कामकाज शुरू नहीं हो सका है। बैंक का संचालन नहीं होने से ग्राहकों की परेशानी बढ़ रही है।
बैंक प्रबंधन ने लोहाघाट, पाटी व बाराकोट शाखा से वैकल्पिक व्यवस्था तो बनाई है, मगर ज्यादातर ग्राहक लेन देने के लिए इन शाखाओं की ओर नहीं जा रहे हैं। करीब 4500 खातेदार वाली खेतीखान शाखा में इस सप्ताह अब तक महज 15 ग्राहकों ने ही लेनदेन किया है। खातेदारों का कहना है कि लेनदेन के लिए 14 किमी दूर पाटी या 13 किमी दूर लोहाघाट जाने में समय और अन्य परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसलिए वे बहुत जरूरत होने पर ही बैंक जा रहे हैं।
लोहाघाट के शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश ने बताया कि खेतीखान शाखा के अब तक महज तीन ग्राहक आए हैं। अलबत्ता जलागम परियोजना के खातों से लेनदेन जरूर हो रहा है। वहीं पाटी शाखा के प्रबंधक सदानंद भट्ट ने बताया कि खेतीखान शाखा के 12 लोगों ने करीब दो लाख रुपये का लेनदेन किया है। ग्राम प्रधान भैरव ओली, गिरिराज देउपा, मुकेश राज देउपा, छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक पुजारी, पुष्कर पुजारी, नवीन बोहरा आदि ने खेतीखान में बैंक शाखा का जल्द संचालन करने की मांग की है।