भाई को बचाने के लिए शारदा में कूदे युवक की मौत हो गई। मछली पकड़ने वालों, एसएसबी जवानों और पुलिस के तैराकों ने दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छोटे भाई को मृत घोषित कर दिया। दोनों भाई होली खेलने के बाद चचेरे भाइयों के साथ शारदा में नहाने गए थे।
बृहस्पतिवार को होली खेलने के बाद शारदा नहर के सिल्ट इजेक्टर की बाईपास चैनल में स्नान करते समय व्यवसायी अजीत भाटिया का बड़ा बेटा जतिन भाटिया डूबने लगा। बड़े भाई को डूबता देख छोटे भाई गौरव ने शारदा में छलांग लगा दी।
बड़े भाई अजीत को आसपास मछली पक ड़ने वालों, एसएसबी जवानों ने सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन छोटा भाई गौरव भाटिया उर्फ नन्हू (25) डूबने लगा। मछली पकड़ने वाले, एसएसबी जवानों और पुलिस तैराकों ने उसे पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन गौरव को खटीमा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को शारदा तट पर गौरव का अंतिम संस्कार किया गया।
व्यापार मंडल एवं गौरव सेनानी कल्याण समिति सदस्यों ने शोक संवेदना व्यक्त कर मृतक आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गौरव पढ़ाई के साथ ही पिता के व्यवसाय में मदद करता था। गौरव के एक भाई, एक बहन है।