पीजी कॉलेज के लिए पिछले साल की गई घोषणाओं को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए युवक कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। कहा कि इन मांगों को लेकर एबीवीपी अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन पर है, बावजूद इसके सरकार अनदेखी कर रही है।
रविवार को युकां जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मोटर स्टेशन पर पुतला फूंका। कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री ने पिछले साल पीजी कॉलेज में एमएससी एवं एमकॉम की कक्षा शुरू करने, एमए में अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी, समाजशास्त्र, स्नातक में संस्कृत एवं शिक्षाशास्त्र विषय की मंजूरी और प्राध्यापकों की तैनाती करने का एलान किया था, मगर ये एलान अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र मांगों पर अमल नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की धमकी दी है। इस दौरान ललित देव, नीरज पांडेय, दिग्विजय कार्की, मनोज शर्मा, गुलजार अहमद, अमर पटवा, पुष्कर जोशी, गुलाबराम, पुनीत कुमार, गौरव कुमार, राकेश, हिमांशु आदि थे।
एबीवीवी ने रविवार को भी दिया धरना
चंपावत। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर रविवार को दूसरे दिन भी धरना दिया। कलक्ट्रेट पर हुए धरना-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन में डटे रहने का एलान किया। रविवार को हरीश जोशी, प्रमोद बडोला, पूजा खाती, हेम जोशी, ललित देउपा, मुकेश जोशी, कैलाश नाथ, शंकर जोशी, पीयूष जोशी, पूरन बिष्ट, दीपा, अंजना, पूजा गोस्वामी और मोनिका धरने पर बैठे। ब्यूरो
ये हैं छात्रों की प्रमुख मांगें:
1.कॉलेज में एमएससी एवं एमकॉम की स्वीकृति।
2.एमए में अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी, समाजशास्त्र विषयों को मंजूरी।
3.कला संकाय के स्नातक में संस्कृत और शिक्षा शास्त्र विषय की स्वीकृति।
4.सृजित पदों पर स्थायी शिक्षकों की तैनाती।
5.पुस्तकालय स्टाफ के पदों पर तैनाती।