चंपावत। जिले के उपजिला अस्पताल टनकपुर में ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को अमर उजाला समाचार पत्र ने 27 नवंबर के अंक में टनकपुर अस्पताल में रक्त चढ़ाने के लिए खुद ब्लड का इंतजाम करने की मजबूरी शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए विभाग ने अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन कर दिया है। शनिवार 29 नवंबर को अस्पताल में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने ब्लड स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ किया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन शुरू हो गया है। अब लोगों को ब्लड के लिए खटीमा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि ब्लड स्टोरेज यूनिट में 24 यूनिट का है। चंपावत मदर यूनिट से भी समय-समय पर रक्त यूनिट के लिए भेजा जाएगा। अगर रक्त की जरूरत पड़ी तो बनबसा, टनकपुर में रक्तदान शिविर लगाकर रक्तदान की व्यवस्था की जाएगी। स्टॉफ भी पूरी तरह प्रशिक्षित कर दिया गया है। साथ ही यूनिट संचालन के लिए पंजीकरण भी हो गया है।
पहले दिन चार यूनिट रक्त किया संग्रह
टनकपुर(चंपावत)। केंद्र में पहले दिन जिला अस्पताल से 4 यूनिट रक्त लाकर संग्रह किया गया। अस्पताल में जरूरतमंद को नि:शुल्क और अन्यत्र ले जाने पर 1100 रुपये प्रति यूनिट पर चार्ज देना होगा। इस मौके पर डॉ. जितेंद्र जोशी, डाॅ. आफताब अंसारी, डाॅ. नौनिहाल सिंह, पैथोलॉजिस्ट डा. रश्मि कूट, पीएलवी विजेंद्र अग्रवाल समेत अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा। संवाद