चंपावत। चंपावत जिले में जनवरी 2026 से ब्लड कंपोनेंट यूनिट संचालन की उम्मीद जग गई है। इसके संचालन के बाद मरीजों को पूरा रक्त नहीं चढ़ाना पड़ेगा। जिला अस्पताल ब्लड कंपोनेंट यूनिट का निर्माण किया जा रहा है।
चंपावत अस्पताल के रक्त केंद्र कक्ष के ठीक ऊपर ब्लड कंपोनेंट यूनिट तैयार किया जा रहा है। करीब 17 लाख की लागत से डेढ़ माह में ब्लड कंपोनेंट यूनिट तैयार करने की लक्ष्य है। ब्लड कंपोनेंट यूनिट शुरू होने के बाद मरीजों को पूरा खून नहीं चढ़ाना पड़ेगा। झुलसे मरीज को सिर्फ प्लाज्मा तो डेंगू मरीज को प्लेटलेट्स दिया जाएगा। ब्लड के कंपोनेंट उपचार में काफी मददगार होते हैं। इससे लोगों को लाभ मिलेगा और ब्लड की भी बचत होगी।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि यूनिट का संचालन होने के बाद प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और पैक्ड सेल की उपलब्धता आसान होगी। यह यूनिट जिले के लोगों के लिए वरदान साबित होगी। यूनिट संचालन के लिए मशीनें राज्य से मिलेंगी। यूनिट संचालन के लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया गया है। रक्त केंद्र के पैथोलॉजिस्ट ब्लड कंपोनेंट बनाने के माहिर हैं। ऐसे में अगर जरूरत पड़ी तो स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। संवाद