चंपावत में ब्लाकस्तरीय विज्ञान महोत्सव में ड्रामा पेश करतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव संपन्न हो गया है। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी आरएस पोखरियाल ने किया। उन्होंने महोत्सव को छुपी प्रतिभाओं को निखारने का मंच बताया। प्रतियोगिता में अव्वल आए प्रतिभागी जिलास्तरीय विज्ञान महोत्सव में शिरकत करेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेज में हुए महोत्सव में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन मॉडल पेश किए। ब्लाक समन्वयक नवीन पंत ने बताया कि महोत्सव को तीन वर्गों विज्ञान मेला, विज्ञान ड्रामा और विज्ञान प्रदर्शनी में बांटा गया। पहले से तय विषयों के तहत छात्र-छात्राओं ने मॉडल पेश किए।
विज्ञान मेला का विषय विज्ञान प्रोद्यौगिकी और अभियांत्रिकी, विज्ञान ड्रामा का विषय विज्ञान एवं समाज और विज्ञान प्रदर्शनी के तहत राष्ट्र निर्माण हेतु विज्ञान, तकनीकी, गणित निर्धारित किया गया था। मुख्य शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि विजेता प्रतिभागी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। निर्णायक श्याम सिंह बोहरा, एलएम बोहरा, अनिल कुमार, राधेश्याम खर्कवाल, अमृता चंद्र और पूजा थे। बीएन उपाध्याय, सुरेश राम आर्य, सामश्रवा आर्य और बीना चौधरी ने सहयोग दिया।
विज्ञान ड्रामा में जीजीआईसी चंपावत अव्वल
विज्ञान ड्रामा में जीजीआईसी चंपावत पहले, विवेकानंद विद्या मंदिर टनकपुर दूसरे और जीआईसी सिप्टी तीसरे स्थान पर रहे। व्यक्तिगत छात्र प्रोजेक्ट में विवेकानंद विद्या मंदिर टनकपुर के अनिल कश्यप पहले और राउमावि छीनीगोठ के तरुण जोशी दूसरे स्थान पर रहे। जबकि टीम प्रोजेक्ट में विवेकानंद विद्यामंदिर चंपावत के रोहित जोशी और हर्षित राय पहले और मल्लिाकार्जुन स्कूल के आशुतोष पांडेय और शंकर भट्ट दूसरे स्थान पर रहे।