तल्लापाल क्षेत्र में बिजली अव्यवस्था से नाराज लोगों का सब्र रविवार को टूट गया। इस इलाके के नाराज लोगों ने अमोड़ी सहित पांच गांवों में अलग-अलग बिजली विभाग का पुतला दहन किया। कहा कि यहां बीते 13 दिन से बिजली की जबर्दस्त आंख-मिचौली सहित कई तरह की दिक्कतें हैं, लेकिन विभाग सूचना देने के बाद भी बेखबर बना हुआ है।
तल्लापाल क्षेत्र के पांच स्थानों पर बिजली विभाग का पुतला फूंक आक्रोश जताया गया। तल्लापाल के केंद्र अमोड़ी में पुतला फूंकने वालों में दीपक बोहरा, नवीन भट्ट, रमेश भट्ट, तारादत्त, रबीश भट्ट, दुर्गा दत्त, बलदेव भट्ट, मोहन राम, नारायण दत्त, स्वरूप सिंह, नारायण जुकरिया, सतीश शर्मा आदि शामिल थे। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में एक बार बत्ती गुल होने पर दोबारा उजाला होने में कई-कई दिन लग जाते हैं। स्वांला, बेलखेत, खटोली और पचनई गांवों में भी विभाग को निशाने पर लिया गया। इन सभी जगहों पर पुतला भी फूंका गया। जगदीश सिंह सहित तमाम ग्रामीणों ने कहा कि बिजली की आपूर्ति तो अक्सर सुचारु नहीं रहती, लेकिन बिल लगातार आ रहे हैं। नागरिकों ने ट्रांसफार्मर बदलने से लेकर क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में हीलाहवाली का आरोप लगाया। साथ ही बिजली होने पर दिनभर में आठ घंटे से भी कम समय तक आपूर्ति होती है।