चंपावत। चार ब्लॉकों वाले जिले में भाजपा के खाते में तीन सीटें आई हैं। लोहाघाट में भाजपा को करीबी जीत मिली है जबकि बाराकोट में जीत का अंतर अधिक रहा। चंपावत ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर पहले ही अंचला बोहरा निर्विरोध विजय हो चुकी हैं।
जिले के चार विकासखंडों में तीन में ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पाने के लिए छह, ज्येष्ठ प्रमुख के लिए सात और कनिष्ठ प्रमुख के लिए छह प्रत्याशी मैदान में थे। पाटी, बाराकोट, लोहाघाट में ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख और कनिष्ठ प्रमुख चुनने के लिए 74 बीडीसी सदस्यों में से 73 ने मतदान किया। तीनों ब्लॉकों में भाजपा की निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ टक्कर थी।
पाटी में कांग्रेस विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी के बेटे शंकर सिंह अधिकारी जीते। उन्होंने निर्दलीय के तौर पर पर्चा भरा था। जबकि लोहाघाट और बाराकोट में भाजपा ने जीत दर्ज की। चंपावत ब्लॉक में पहले ही भाजपा की अंचला बोहरा निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बन गई थीं। हालांकि पिछली बार चारों ब्लॉक प्रमुखों की सीटों पर भाजपा काबिज थी लेकिन इस बार पाटी ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी उससे छिन गई।