बनबसा (चंपावत)। कार्यकर्ताओं से संपर्क करने को चंपावत जिले के भ्रमण पर निकले राज्य स्तरीय जलागम परिषद उपाध्यक्ष शंकर कोरंगा शुक्रवार को बनबसा पहुंचे। यहां एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 2027 में राज्य की सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा। उन्होंने बीते दिवस चंपावत में हुई घटना पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया, कहा कि बिना सत्य जाने कांग्रेस के लोगों ने सरकार और प्रशासन पर अनर्गल आरोप लगाए इसके लिए कांग्रेस पार्टी को मीडिया के सामने सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल्द ही हल्द्वानी, टनकपुर, देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू होने जा रही है। टनकपुर से देहरादून रेल सेवा बढ़ाई जाएगी। यहां मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्षा रेखा देवी, रुचि धस्माना, हरीश पांडेय, अमन कुमार, दुवेंद्र सिंह चौहान आदि थे।
...........
कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद ने दी सफाई
चंपावत। कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह सोशल मीडिया पर मामले पर सफाई दी है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर शुक्रवार को वीडियो और बयान जारी कर कहा कि वह चंपावत से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमल रावत ने उन्हें और अन्य नेताओं को तड़के फोन किया। लोहाघाट से कोतवाली पहुंचा तो बताया कि दुष्कर्म के मामले में एफआईआर नहीं लिखी जा रही है। इसके बाद कोतवाल और अन्य अधिकारियों से बात कर मामले में पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके बाद कमल रावत ने नग्न अवस्था में हाथ पांव बंधी नाबालिग की वीडियो दिखाई। कहा कि अस्पताल भी गए और वापस कोतवाली भी आए। उन्होंने कहा कि कमल रावत ने ही 50 लाख रुपये वाला पत्र मुझे और अन्य नेताओं को भी भेजा गया। उन्होंने मामले में जांच की मांग की है।