चंपावत। बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए चंपावत में मुर्गियों, अंडों और फीड के आगमन पर एक सप्ताह की रोक लगा दी गई है। डीएम मनीष कुमार ने बिलासपुर (यूपी) में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि होने के बाद यह निर्णय लिया है।
बुधवार को डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बर्ड फ्लू के संबंध आपात बैठक हुई। उन्होंने बताया कि संभावित संक्रमण को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से आदेश जारी किए गए हैं। तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) के सभी प्रवेश द्वारों पर यूपी से मुर्गियों, अंडों और उनके फीड लाए जाने पर सात दिन के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सीवीओ डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल को निर्देशित किया गया कि सिर्फ जांच और प्रमाणन के बाद ही जिले में कुक्कुट पक्षियों का आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने वन विभाग के अधिकारियों को भी जंगली और प्रवासी पक्षियों में संक्रमण की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसपी अजय गणपति, डीएफओ डाॅ. एनसी पंत, एसडीएम टनकपुर आकाश जोशी को आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एडीएम जयवर्धन शर्मा, सीवीओ डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, डीडीओ दिनेश सिंह दिगारी आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद