चंपावत। बनलेख-ललुवापानी सड़क पर किस्कोट के पास एक बाइक निर्माणाधीन कॉजवे में जा गिरी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। वह चंपावत दुग्ध संघ में सहायक स्टोर कीपर पद पर तैनात थे। बाइक चल रहा व्यक्ति घायल हो गया।
बनलेख-ललुवापानी सड़क पर पल्सों से ललुवापानी जा रही एक बाइक बुधवार शाम को किस्कोट के पास निर्माणाधीन कॉजवे पर जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक बेहद तेज रफ्तार में थी और सीधे कॉजवे के भीतर जा घुसी। दोनों सवार बाइक के नीचे आ गए। पीछे बैठे डेरी के सहायक स्टोर कीपर गिरीश चंद्र जोशी (48) पुत्र टीकाराम जोशी, निवासी किस्कोट की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे श्याम सिंह तड़ागी (45) भी बुरी तरह जख्मी हो गए। दुग्ध संघ में डेरीमैन के रूप में काम करने वाले तड़ागी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि तड़ागी के शरीर में कई जगह चोटें लगी हैं। हादसे की भनक लगते ही कोतवाल धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं गिरीश चंद्र जोशी की मौत की भनक लगते ही परिवर में कोहराम मच गया। वे परिवार के अकेले कमाऊ थे। बुजुर्ग मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क की मरम्मत के बाद हो रहा था कॉजवे का निर्माण
चंपावत। बुधवार को हुए बाइक हादसे से पहले पिछले साल 26 दिसंबर को भी इसी सड़क पर कार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। लोनिवि के ईई एमसी पांडेय का कहना है कि पांच लाख रुपये से मरम्मत किए जाने के बाद 8.400 किलोमीटर लंबी यह सड़क अब बेहतर हालत में है। अलबत्ता कॉजवे बनाने का काम चल रहा है।
2021 में चंपावत जिले में अब तक हुई प्रमुख दुर्घटनाएं
2 फरवरी: एनएच पर टनकपुर में बिचई के पास डंपर से टकराने से धूरा सहकारी समिति के सचिव की मौत।
3 फरवरी: पाटी के छिलकाछीना में जीप के खाई में लुढ़कने से दो लोगों की मौत और तीन घायल।
10 मार्च: टनकपुर शारदा खनन क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबकर मासूम की मौत।
11 मार्च: एनएच में मानेश्वर के पास टैंकर की चपेट में आए स्कूटी सवार व्यापारी की मौत।
27 मार्च: एनएच में धौन-बनलेख के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने से महिला पुलिस कर्मी की मौत।
2 जून: बनलेख-ललुवापानी सड़क पर किस्कोट के पास एक की मौत।के पास एक की मौत।