लोहाघाट बस स्टेशन में बस में बैठे यात्रियों को अपनी ओर से मॉस्क बांटते भूवन चंद्र गहतोड़ी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को कोरोना से बचाव के लिए रोडवेज कर्मी भुवन चंद्र गहतोड़ी निजी संसाधनों से रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को मास्क वितरित कर रहे हैं। गहतोड़ी की पहल को लोगों की ओर से खूब सराहा जा रहा है।
लोहाघाट डिपो में कार्यरत भुवन चंद्र गहतोड़ी का कहना है कि दिल्ली, देहरादून, टनकपुर, हरिद्वार, बरेली, हल्द्वानी, नैनीताल आदि स्थानों के लिए जाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से लोग रोडवेज स्टेशन लोहाघाट पहुंचते हैं। जानकारी के अभाव या गरीबी के कारण कई यात्रियों के पास मास्क नहीं होते हैं, जिन्हें वह अपनी ओर से निशुल्क मास्क वितरित कर रहे हैं। गहतोड़ी का कहना है कि बिना मास्क पहने अन्य लोगों के संपर्क में आने से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन दिनों में पांच सौ से अधिक लोगों को अपनी ओर से मास्क वितरित कर उन्हें कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर चुके हैं। संवाद