बनबसा (चंपावत)। भूमि खाली करने को लेकर यूपी सिंचाई विभाग के नोटिस मिलने के बाद बीते दो दिनों से बेलबंद्धगोठ वासी बनबसा स्थित शारदा हेड वर्क्स कार्यालय पहुंच अपने जवाब देने में लगे हैं। उनका कहना है कि उन्हें वर्ष 2007 तक यूपी सिंचाई विभाग ने बिजली पानी की सुविधा दी थी। जिसके बदले में वे यूपी सिंचाई विभाग को भुगतान करते थे। वे भूमि खाली कराने से पूर्व विस्थापित किए जाने की मांग कर रहे हैं।
शारदा बैराज के निकट स्थित बेलबंद्धगोठ के 68 परिवारों को यूपी सिंचाई विभाग ने भूमि खाली करने को नोटिस दिए हैं। जिससे वहां निवास करने वालों को बेघर होने का डर सताने लगा है। नोटिस मिलने के बाद सोमवार और मंगलवार को बेलबंद्धगोठ वासियों ने अपने जवाब विभाग के समक्ष पेश किए हैं। उधर, यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के यूपी और उत्तराखंड सरकार के निर्णय का हवाला दे भूमि खाली करने के लिए अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमा रहे हैं। यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा स्थित शारदा हेड वर्क्स के एसडीओ प्रशांत कुमार वर्मा ने बताया कि अब तक यूपी सिंचाई विभाग ने करीब 1031 परिवारों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए हैं।
बेलबंद्धगोठ, बैराज के निकट तालाब क्षेत्र, पंपापुर, शारदा नहर किनारे एवं बनबसा लाइनपार बस्ती में अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित किया गया है। बनबसा लाइनपार बस्ती में करीब साढ़े पांच सौ परिवारों को पहले भी नोटिए दिए जा चुके हैं। बताया गया है कि यह भूमि वन विभाग एवं आरक्षित वन भूमि के अंतर्गत है।