फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैराज के पास बंजर भूमि बनेगी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र

Tue, 21 Feb 2017 09:48 PM IST
राजेश देउपा/अमर उजाला, टनकपुर (चंपावत)
विज्ञापन
बैराज के पास बंजर भूमि बनेगी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
टनकपुर बैराज के साथ ही अब बैराज के पास बंजर पड़ी वन भूमि भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज ने बंजर पड़े टापू संख्या 14 को जलीय जैव विविधता केंद्र के रूप में विकसित करना शुरू कर दिया है। इस केंद्र में तालाब का निर्माण कर जलीय पौधों का संरक्षण कर पर्यटकों को जलीय पौधों से रूबरू कराया जाएगा।
विज्ञापन


हल्द्वानी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डा. चंद्रशेखर सनवाल जनवरी में यहां आए तो बैराज के पास बंजर पड़ी वन भूमि को देख उन्होंने इस भूमि पर जलीय जैव विविधता केंद्र के निर्माण की योजना बनाई। वन क्षेत्राधिकारी ख्याली राम आर्या ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर शारदा टापू सेकेंड के टापू संख्या 14 में जलीय जैव विविधता केंद्र का प्रोजेक्ट तैयार कर उस पर कार्य करना शुरू कर दिया गया है। फिलहाल केंद्र के निर्माण के लिए विभाग से 70 हजार रुपए का बजट मंजूर हुआ है।

उन्होंने बताया कि करीब चार हेक्टेयर बंजर भूमि पर बनने वाले इस केंद्र में तीन मीटर त्रिज्या आकार के तालाब का निर्माण कर कमल, पढे़र, सेलिक्स आदि जलीय पौधों का संरक्षण किया जाएगा। इस केंद्र के निर्माण का उद्देश्य जलीय पौधों के संरक्षण के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देना है। बहरहाल विभाग ने निर्माण की कवायद शुरू करते हुए प्रारंभिक तौर पर रेस्ट चेयर लगाने का काम शुरू कर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जल्द ही तालाब का निर्माण कर जलीय पौधे लगाने का काम भी शुरू किया जाएगा। 
विज्ञापन



पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : हर्षवर्धन
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत ने क्षेत्र में पर्यटन के विकास में हल्द्वानी वन प्रभाग के कदम की प्रशंसा की। उनका कहना है कि जलीय जैव विविधता केंद्र बनने से पर्यटकों को जलीय पौधों के बारे में तो जानकारी मिलेगी ही साथ ही इससे क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह केंद्र आकर्षण का केंद्र बनेगा।

वन विभाग के कार्य का स्वागत : लक्ष्मी 
नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय ने भी हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा बैराज के पास जलीय जैव विविधता केंद्र निर्माण का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास के लिए इस तरह के छोटे-छोटे कदम असरदार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए यदि विभाग पालिका से किसी तरह की मदद मांगेगा तो पूरी मदद की जाएगी।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें