लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज के लोहघाट डिपो में बसों की कमी के चलते दो रूटों पर बसों का संचालन बंद हो गया है, इससे यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं। रोडवेज की ओर से चार पुरानी बसों को यहां से क्षेत्रीय मुख्यालय भेजने के बाद डिपो में बसों की काफी कमी हो गई है। लोगों ने सरकार से जल्द नई बसें लोहाघाट डिपो को उपलब्ध कराने की मांग की है।
हाल ही में हुई बस दुर्घटना के बाद परिवहन निगम ने पुरानी मानक पूरा कर चुकी खटारा बसों को वापस मंगा लिया है। लोहाघाट डिपो से भी चार खटारा बसों को क्षेत्रीय मुख्यालय टनकपुर भेज दिया है। जिसके बाद डिपो में बसों की कमी हो गई है। रोडवेज की ओर से लोहाघाट से मैदानी क्षेत्रों के लिए प्रतिदिन दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, देहरादून, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल आदि रूटों पर बसों का संचालन होता है।
रोडवेज के वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी जगत नारायण ने बताया कि डिपो में कुल 31 बसें थी, जिनमें से चार मानक पूरा कर चुकी बसों को क्षेत्रीय मुख्यालय टनकपुर भेज दिया है। अब वर्तमान में डिपो में 27 बसें रह गई हैं। उन्होंने बताया कि बसों की कमी के चलते बरेली और काशीपुर रूटों में बसों का संचालन बंद करना पड़ा है। डिपो को 15 बसों की तत्काल जरूरत है। नई बसें मिलने के बाद सभी रूटों पर बस सेवा सुचारू कर दी जाएगी।