परिचालकों की कमी के चलते बसों का संचालन प्रभावित होने से लोहाघाट बस स्टेशन में परेशान यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
रोडवेज के लोहाघाट डिपो में परिचालकों की कमी से एक सप्ताह से कई रूटों पर बसों के संचालन पर असर पड़ा है। नतीजतन निगम को रोजाना करीब 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। साथ ही यात्रियों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले काफी लोग टैक्सियों का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं।
प्रभारी सहायक मंडलीय प्रबंधक (एजीएम) केएस राणा ने बताया कि लोहाघाट डिपो में परिचालकों के 91 पद स्वीकृत हैं, मगर तैनात 82 ही हैं। परिचालकों की कमी से कुछ मार्गों पर बस संचालन में दिक्कत आ रही हैं। एजीएम ने बताया कि संविदा परिचालकों की परीक्षाएं संपन्न हो गई हैं। परिणाम घोषित होने के बाद यहां नए परिचालकों की तैनाती की उम्मीद है।
वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी भुवन राम ने बताया कि मंगलवार को परिचालकों की कमी से बरेली और धारचूला के लिए बस सेवाएं ठप रही। इसके चलते डिपो को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।