टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतोली के पास मलबा आने से बंद सड़क पर फंसा दूल्हा और बरा?
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग पर भारतोली के पास मलबा आने से शुक्रवार को छह घंटे से अधिक समय तक मार्ग बंद रहा। इस दौरान दर्जनों वाहनों के फंसे रहने से लोगों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। साथ ही बरात की एक कार भी घंटों फंसी रही। शाम तीन बजे बाद आवाजाही सुचारु होने से लोगों को परेशानी से निजात मिली। इस क्षेत्र में 20 मई से अब तक तीन बार कुल सौ घंटे सड़क बंद हो चुकी है।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बाराकोट के पास भारतोली में एकाएक भारी मात्रा में मलबा आ गया। इससे (पिथौरागढ़ से टनकपुर और लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले) वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। कुछ वाहन बाराकोट-सिमलखेत होते हुए आगे बढ़े, लेकिन इस कवायद में उन्हें 65 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।
मार्ग बंद होने से काफी वाहन दोनों तरफ फंस गए। पिथौरागढ़ जिले की तरफ जाने वाली बरात की एक कार भी तीन घंटे तक मार्ग बंद होने से फंसी रही। जेसीबी और पॉकलैंड की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाया जा सका। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक मलबा हटाकर मार्ग को शुक्रवार शाम तीन बजे बाद आवाजाही लायक बनाया जा सका। बताते चलें कि भारतोली क्षेत्र में निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग के चौड़ीकरण का छिटपुट काम बचा है। कई बार कटिंग के चलते भी सड़क बंद हो रही है।
15 दिन में भारतोली क्षेत्र में बंद हुई सड़क का ब्योरा
20 मई की रात को गिरी पहाड़ी से 70 घंटे तक बंद रहा राजमार्ग। 23 मई की रात खुला।
25 मई को मलबा आने से बंद मार्ग 24 घंटे बाद 26 मई को खुला।
चार जून को सुबह नौ बजे मलबा आने से बंद मार्ग छह घंटे बाद खुला।