सांसद अजय टम्टा ने कहा कि जनधन सहित बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जाए। मंगलवार शाम को कलक्ट्रेट में हुई जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि बैंक आम लोगों को कर्ज देने में अनावश्यक बाधा न डालें। मुद्रा बैंक के जरिए भी छोटे कारोबारियों को कर्ज का लाभ दिया जाए।
उन्होंने डाकघर की सुकन्या समृद्धि योजना से लोगों को जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा की बीमा योजना के नवीनीकरण को लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं को तय समय पर गुणवत्ता के साथ पूरा कर लोगों को लाभ पहुंचाए। हर विकासखंड में विकास योजनाओं की सूची को चस्पां कर इसकी जानकारी ग्रामीण प्रतिनिधियों और आम लोगों तक पहुंचाने की हिदायत दी।
लोहाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायतों को संचार कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए चल रही रोड कटिंग को संबंधित एजेंसी को अनिवार्य रूप से भरने को कहा गया। कृषि विभाग को समन्वित वाटरशेड मैनेजमेंट प्रोग्राम में चयनित जिले के 12 गांवों में योजना के क्रियान्वयन को कारगर ढंग से करने को कहा गया। सांसद टम्टा बुधवार को पास के गांव ढकना बड़ोला, मुड़ियानी का दौरा भी कर सकते हैं।
डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी और पीडी हरगोविंद भट्ट ने जिले में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लाक प्रमुख पुष्पा सकारी, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत, सहित तमाम अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद थे।
ठीक करें ललुवापानी-बनलेख रोड की गुणवत्ता
सर्किट हाउस में सांसद अजय टम्टा ने कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कुछ विभागों की बैठक ली। उन्होंने ललुवापानी-बनलेख, सिप्टी-पुनाबे-न्याड़ी सड़क की घटिया गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्था से इसे सुधारने को कहा। गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एनएच खंड के अधिशासी अभियंता एमएस धर्मसत्तू ने बताया कि बेलखेत से ऐंचोली तक की रोड को अगले चरण में डबल लेन कराया जाएगा। इससे पहले टनकपुर-बेलखेत के डबल लेन के टेंडर लगाए जाएंगे। तीन किमी लंबी ललुवापानी-नघान रोड भी स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। लोनिवि के अभियंता बीसी पंत, एडीबी के ईई आरसी पंत, पीएमजीएसवाई के ईई डीसी भट्ट आदि ने विभागीय प्रगति की जानकारी दी। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, चेयरमैन प्रकाश तिवारी, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत आदि कार्यकर्ताओं से भी सांसद ने विकास कार्यों और संगठनात्मक मसलों पर चर्चा की।