देवीधुरा के इजट्टाडुंगरा गांव में घर में जाकर रकम देते ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक पीयूष गुप्ता।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
पाटी (चंपावत)। कोरोना महामारी के बीच मां बाराही धाम देवीधुरा में बैंक की ओर से अच्छी पहल हुई है। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की देवीधुरा शाखा के प्रबंधक घर-घर जाकर बुजर्ग और दिव्यांगों को बैंक से जुड़ी सेवाएं दे रहे हैं। बैंक की ओर से बृहस्पतिवार को चार लोगों की नगदी का आहरण किया गया। इस पहल से वाहनों की आवाजाही के बंद होने के बीच ग्रामीण लोगों को खासी राहत मिली है। इजट्टाडुंगरा गांव की पार्वती देवी (95) के 14 हजार रुपये, दिव्यांग भास्कर जोशी (14) के छह हजार, नीलावती तिवारी (83) जखोला सात हजार और कानीकोट गांव की पार्वती देवी (79) को 13500 रुपये का भुगतान घर जाकर किया गया। घर में रकम आने से गदगद इन ग्रामीणों ने अधिकारियों का आभार जताया। ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक पीयूष गुप्ता ने बताया कि कोविड-19 से बचाव के मद्देनजर बैंक की ओर से ये पहल की गई है। इस वक्त वाहनों के नहीं चलने से लोगों को बैंक की शाखा तक पहुंचने में दिक्कत हो रही थी। इसे देखते हुए ये निर्णय लिया गया। इस काम में बैंक अधिकारी भुवन चंद्र ने भी सहयोग किया। इस मौके पर संजय सिंह, दिनेश जोशी, उमेद सिंह आदि मौजूद थे।