चंपावत। तीन अप्रैल से बैंकों में लोगों की जमा और निकासी की समयावधि को तीन घंटे से बढ़ाकर पांच घंटे कर दिया गया है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि सुबह सात से 10 बजे के बजाय शुक्रवार से जिले के सभी बैंक सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक जमा और निकासी करेंगे।
एटीएम से नकदी निकालने का वक्त भी आठ से एक बजे तक ही रहेगा। एक बजे से तीन बजे तक बैंक का आंतरिक कार्य होगा। इस अवधि में बैंक किसान सम्मान निधि, समाज कल्याण के पेंशन धारकों, जरूरतमंदों के खातों में नकदी ट्रांसफर करेगा। डीएम ने बताया कि बैंक कार्मिकों को पास जारी करने का जिम्मा लीड बैंक प्रबंधक को दिया गया है। एलबीएम अरुण कुमार जोशी ने बताया कि बैंक की कोशिश है कि लोग नकदी की निकासी के लिए गांवों से नगरों के बैंक की शाखाओं में न आए। इसके स्थान पर एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र, डाकघर के पेमेंट बैंक, बीसी (बैंकिंग करसपोंडेंट) से धन की निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया गया कि जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी है।
सभी एटीएम में पर्याप्त राशि डालने के निर्देश
चंपावत। डीएम के कैंप कार्यालय में बृहस्पतिवार को हुई बैंकर्स की बैठक में लॉकडाउन के दौरान सभी एटीएम में पर्याप्त राशि डालने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सभी बैंकर्स इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी भी एटीएम में नकदी की कमी न रहे।