फुटबॉल के लिये संघर्ष करते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर (चंपावत)। जिला स्तरीय अंडर 16 फुटबाल प्रतियोगिता सेमीफाइनल मुकाबलों में बनबसा और स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर ने मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल मुकाबला बुधवार को होगा। जिला खेल विभाग की ओर से चल रही प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बनबसा, चंपावत के मध्य हुआ।
मैच का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मंडी समिति सभापति हरीश भट्ट ने किया। मैच में बनबसा ने चंपावत को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। बनबसा की ओर से दोनों गोल नितेश चंद ने किए। दूसरा सेमीफाइनल मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर, लोहाघाट के बीच खेला गया।
शुभारंभ उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता ने किया। मैच में टनकपुर ने लोहाघाट को 3-0 से पराजित किया। टनकपुर के साहिल, अमन, वरुण चंद ने 1-1 गोल किया। मैच के रेफरी आरबी मल्ल, गौरव खोलिया थे। लाइनमैन की जिम्मेदारी राजेंद्र, रवींद्र, योगेश ने निभाई। प्रतियोगिता का फाइनल मैच बुधवार को ढाई बजे से शुरू होगा। आयोजन में लोहाघाट के फुटबाल कोच विजय राय, अतुल अधिकारी, प्रकाश जोशी, प्रकाश सिंह, दीपक जेठी, मोहसिन आदि सहयोग दे रहे हैं।