बनबसा मिनि स्टेडियम में मुख्यअतिथि के साथ विजेता टीम के फुटबाल खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
बनबसा प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जीत बनबसा स्टेडियम ‘ए’ ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि कस्टम अधीक्षक एसके पटेल ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए।
मिनि स्टेडियम में बनबसा 10- ‘ए’ साइड (प्रति टीम दस-दस खिलाड़ी) प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला टनकपुर स्टेडियम ‘ए’ और बनबसा स्टेडियम ‘ए’ के बीच खेला गया। मैच का शुभारंभ समाज सेवी पूर्व सैनिक भूपाल भट्ट ने कराया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में पहले हॉफ तक दोनों टीमें बिना गोल किए बराबरी पर रहीं।
दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में बनबसा स्टेडियम ‘ए’ के खिलाड़ी लोकेंद्र चंद ने एक गोल कर दिया। बनबसा स्टेडियम ‘ए’ ने फाइनल मुकाबला 1-0 से जीत लिया। मैच के रेफरी स्टेडियम कोच आरबी मल्ल थे। लाइन मैन की भूमिका राहुल भट्ट, दीप चंद ने निभाई। आंखों देखा हाल कमलेश भट्ट और प्रकाश गोस्वामी ने सुनाया। विशिष्ट अतिथि शिवनारायण साहू ने उपविजेता टीम को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि महेश मुरारी, भूपाल भट्ट, मनीष चंद, गणेश चंद, पवन कापड़ी, राजू रावत आदि मौजूद थे।