विधानसभा चुनाव की समय सीमा नजदीक आने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे बुलंद होने लगे हैं। चंपावत जिले के बजौन, नायल के ग्रामीणों ने भी गांव तक सड़क नहीं बनने की सूरत में आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
सोमवार को ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम डॉ. अहमद इकबाल को ज्ञापन सौंपा। कहा कि धौन दियूरी मोटर मार्ग से बजौन तक 14 किमी सड़क के लिए वर्ष 2015 से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की ओर से दो बार सर्वे की जा चुकी है। यह मार्ग दो ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला मार्ग है, इसमें नायल, बजौन के अलावा अमून, रौसिला, बगेड़ी आदि गांव भी लाभान्वित होने हैं। ग्राम पंचायत नायल, बजौन में सर्वे के बाद भी टेंडर नहीं पड़ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरी दत्त और ग्राम प्रधान भुवन भट्ट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। उधर, पीएमजीएसवाई के ईई अरविंद कुमार बर्मन का कहना है कि संबंधित मार्ग की डीपीआर गठित कर स्वीकृति के लिए शासन और भारत सरकार को प्रस्तुत की जा चुकी है।
गांव का नाम सड़क से दूरी आबादी
नायल 1 किमी 500
रौसिला 4 किमी 350
अमून 6 किमी 400
बजौन 13 किमी 803
बगेड़ी 14 किमी 791