वनरावत गांव खिरद्वारी में खराब रोपवे। स्रोत ग्रामीण जीत सिंह।
चंपावत। नेपाल सीमा से लगे वनरावत बहुल गांव खिरद्वारी से लोडियालसेरा को जोड़ने वाला रज्जुमार्ग (रोपवे) डेढ़ साल से खराब है। इससे लधिया नदी को आरपार करने में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। बरसात में लधिया पार करने के लिए ग्रामीणों को दो किमी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस वजह से पांच मिनट के रास्ते को पार करने में आधा घंटा लग रहा है।
पिछले साल फरवरी से इस रज्जुमार्ग की बैटरी और जनरेटर खराब है। इस कारण बच्चों को खिरद्वारी जूनियर हाईस्कूल जाने से लेकर सामान ढोने में भी दिक्कत आ रही है। खिरद्वारी के लोगों को गेहूं और दूसरा अनाज पिसवाने के लिए लोडियालसेरा जाने में भी परेशानी हो रही है। उपप्रधान जीत सिंह का कहना है कि कई बार मांग करने के बाद भी समस्या नहीं सुलझ सकी है। डीएम नवनीत पांडेय ने बताया कि गांव के लोगों की आवाजाही के वैकल्पिक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभाग को रज्जुमार्ग सुधारने के भी निर्देश दिए हैं।
बाक्स
नदी पार कर रहे खिरद्वारी के युवक का राशन और फोन बह गया
चंपावत। खिरद्वारी में लधिया उफनाई है। गांव के उपप्रधान जीत सिंह ने बताया कि पुष्कर सिंह (35) सामान के साथ नदी पार कर खिरद्वारी से लोडियालसेरा जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पुष्कर डूबने लगा। किसी तरह पत्थर की आड़ में फंसने से पुष्कर बच गया लेकिन उसका पांच किलो राशन और मोबाइल फोन बह गया। संवाद