चंपावत। जिला मुख्यालय से आठ किमी की दूरी पर स्थित सुयालखर्क में बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर बिजली गिरने के कारण कई महत्वपूर्ण उपकरण फुंक गए हैं। इस कारण क्षेत्र के 40 से अधिक गांवों की संचार सेवा प्रभावित हो गई है।
कई गांवों में कोविड टीकाकरण के पंजीकरण और छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने मोबाइल टावर के क्षतिग्रस्त उपकरणों की जल्द से जल्द मरम्मत करने की मांग उठाई है।
पुनाबे के ग्राम प्रधान मनोज तड़ागी, दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष डीडी जोशी, नवीन तड़ागी, पूरन जोशी, जगदीश चंद्र आदि का कहना है कि बीते दिनों बिजली गिरने के कारण टावर की मुख्य मशीन और अन्य कई उपकरण फुंक गए हैं।
इस कारण क्षेत्र के गांवों के लोगों की संचार सुविधा बाधित हो गई है। ग्रामीणों को वर्तमान में कोविड टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में बीएसएनएल के जेटीओ विजय बहादुर के अनुसार देहरादून से मोबाइल टावर के क्षतिग्रस्त उपकरण भेजे जा रहे हैं। जल्द ही क्षेत्र की संचार सेवा बहाल हो जाएगी।