धनतेरस के मौके पर जिला मुख्यालय चंपावत सहित लोहाघाट, पाटी, बाराकोट के बाजार गुलजार रहे। जिले में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में काफी उछाल रहा। 92 दोपहिया वाहनों के साथ ही 19 से अधिक चौपहिया वाहनों की बिक्री हुई। चंपावत जिले में करीब नौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। चंपावत में 55 तोले से अधिक सोने के साथ ही दो किलोग्राम चांदी के आभूषण बिके। चंपावत में 51 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जबकि 19 कारों की बिक्री की गई।
लोहाघाट में करीब 41 दोपहिया वाहन बिके। लोहाघाट क्षेत्र में लोगों का सबसे अधिक रुझान इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की तरफ देखा गया। बाजार में एलईडी टीवी की अधिक मांग रही। धनतेरस के मौके पर सभी स्थानों में डेढ करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स के व्यापारी जगदीश चंद्र राय, जीवन खर्कवाल, एलएम राय का कहना है कि एलईडी टीवी की अधिक मांग रही, जबकि रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, मिक्सी, होम थिएटर, मोबाइल भी ठीक-ठाक बिके। बाजारों में एक से एक बेहतरीन किस्म के बर्तन सजे हुए थे। बर्तन व्यापारी भैरव दत्त राय, सतीश गड़कोटी, प्रकाश राय, दिनेश बोहरा, खर्कवाल का कहना था कि इस वर्ष बर्तनों का कारोबार सामान्य रहा।
स्वर्णकार गोविंद वर्मा, मदन वर्मा, पप्पू वर्मा, विपिन वर्मा, किशोरी लाल वर्मा आदि का कहना था कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में कम कारोबार हुआ। धनतेरस के अवसर पर बाजार में भी जाम की स्थिति बनी रही। जाम के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा जाम से निपटने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे, इसके बावजूद भारी भीड़ के चलते रुक-रुक कर जाम लगता रहा।
धनतेरस पर चंपावत-लोहाघाट की बिक्री
ऑटोमोबाइल (कार व दोपहिये) 3.07 करोड़
आभूषण 2.40 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री 1.60 करोड़
बर्तन व अन्य सामग्री 1.80 करोड़
कुल 8.87 करोड़