चामीचौमेल के आषाढ़ी महोत्सव में कार्यक्रम की प्रस्तुति देने को तैयार कलाकार।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। चामी चौमेल के आषाढ़ी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम शुरू हो गई है। महोत्सव में पहुंचे कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट, श्री पूणागिरी देवभूमि उत्थान समिति खटीमा, जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति बिंदुखत्ता नैनीताल के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक महर के निर्देशन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय ने किया। उन्होंने महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के दल नायक भैरव राय के नेतृत्व में आए कलाकारों ने देवी भगवती मैय्या दैंण है जाए वंदना से कार्यक्रमों की शुरुआत की।
कलाकारों ने तेरी रंग्याली पिछौड़ी कमू, रूमझूमा जोग्याणा तिलै धारू बौला, छमला बिलौरा आदि गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बंटोरीं।
प्रह्लाद मेहरा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता, हल्द्वानी से आई टीम के गीत त्वेले कस भल रूप यो पायो छ, एजा म्यार दानपुरा, कां छ तेरो जलेबी को डाब आदि को दर्शकों ने खूब सराहा।
श्री पूर्णागिरी देवभूमि उत्थान समिति खटीमा के दल नायक राजेंद्र मेहता के नेतृत्व में आए कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली गीत गाए। कार्यक्रमों को देखने के लिए पूरा पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा था। वहां जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सामंत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश राय आदि रहे।