लोहाघाट में आयोजित बैठक में आशाओं की समस्याएं रखती जिलाध्यक्ष सरस्वती।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। आशा कार्यकर्ता संगठन स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिलने वाली पीपीई किट नहीं लेंगी। उन्होंने कहा है कि जब तक डीएम और सीएमओ से उनकी वार्ता नहीं हो जाती और पाटी में कार्यरत सभी आशा वर्कर्स के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक वह पीपीई किट नहीं लेंगी। सीएचसी लोहाघाट में एसडीएम आरसी गौतम और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद कमर के साथ हुई आशाओं की बैठक में उन्होंने एसडीएम और चिकित्सा अधीक्षक की ओर से पीपीई किट लेने के अनुरोध को ठुकरा दिया।
जिलाध्यक्ष सरस्वती पुनेठा का कहना था कि जब उन्होंने कोरोना संक्रमण की ड्यूटी की तो तब स्वास्थ्य विभाग ने एक मॉस्क तक नहीं दिया। अब जब उनके द्वारा कोरोना संबंधी ड्यूटी करना छोड़ दिया है तो उन्हें पीपीई देने के प्रयास किए जा रहे हैं। आशाओं ने कहा कि कोरोना ड्यूटी को लेकर पिछले दिन पाटी के प्रशासनिक अधिकारियों ने एक आशा वर्कर्स के साथ अभद्रता की थी। संगठन की अध्यक्ष पुनेठा ने कहा कि जब तक डीएम और सीएमओ उनसे मिलकर वार्ता नहीं करते हैं और पाटी में साथी आशा वर्कर्स के साथ अभद्रता करने वाले दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक वह पीपीई किट भी नहीं लेंगी। बैठक में रीता सिंह, पदमा प्रथोली, सुनीता देवी, लक्ष्मी जोशी, सरस्वती देवी, रीना सिंह, रेखा पुजारी, मंजू राय, बबीता भट्ट, गीता पंत, ममता जोशी, माहेश्वरी देवी, रेखा देवी, कमला मेहरा, लता वर्मा, पार्वती देवी, हेमा जोशी, विनीता पांडेय, गीता गिरी, शांति देवी, रेखा जोशी आदि मौजूद रहे।