टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड रोडवेज ने बनबसा में होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली और मां पूर्णागिरि मेले के लिए परिवहन व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। परीक्षार्थियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिथौरागढ़ और टनकपुर डिपो से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया गया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) आलोक बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार से बनबसा में शुरू हो रही अग्निवीर भर्ती रैली में पिथौरागढ़ रूट से आने वाले युवाओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पिथौरागढ़ डिपो की छह बसें विशेष रूप से अभ्यर्थियों के लिए बनबसा तक संचालित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो इसके लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
मां पूर्णागिरि मेला : 10 बसों का बेड़ा तैनात
प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज ने 10 बसों की व्यवस्था की है। यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों को बूम और ठूलीगाड़ तक चलाया जा रहा है। भीड़ बढ़ने पर बरेली और पीलीभीत रूट की बसों को भी सीधे मेला क्षेत्र तक भेजने की योजना है।
आगामी होली पर्व की भी तैयारी
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अग्निवीर भर्ती और मेले के साथ आगामी होली पर्व को देखते हुए भी तैयारियां जारी हैं। आरएम ने बताया कि यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी भी रूट पर यात्रियों को घंटों इंतजार न करना पड़े।