बनबसा सैन्य छावनी में आगामी 15 से 23 अक्तूबर तक चलने वाली सेना भर्ती की तैयारियां जोरों पर हैं। भर्ती में हजारों की तादात में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना से प्रशासन ने बैरीकेटिंग, विद्युत, पेयजल, पुलिस व्यवस्था आदि की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। कुमाऊं भर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की ओर से स्पेशल बसें भी संचालित होंगी। अभ्यर्थियों से मनमाना रेट वसूलने पर प्रशासन होटल और टैक्सी संचालकों से सख्ती से पेश आएगा।
एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि भर्ती की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी हो गई है। भर्ती में पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और अल्मोड़ा के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 12 अक्तूबर तक बैरिकेटिंग कार्य पूरा करने के निर्देश लोनिवि अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा पेयजल के लिए टैंकर, अग्निशमन व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था में जिले से अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती, रोडवेज स्टेशन टनकपुर और बनबसा में सीसी टीवी कैमरे से नजर रखने के निर्देश दिए हैं। यातायात व्यवस्था में पिथौरागढ़, चंपावत, हल्द्वानी, रुद्रपुर के लिए दस-दस अतिरिक्त रोडवेज बसों के भर्ती के दिन संचालित करने, टनकपुर से बनबसा तक भी पांच-पांच रोडवेज बसें भर्ती परिक्षेत्र के लिए शटल सेवा के रूप में लगाई जाएगी।
भर्ती की व्यवस्था के लिए शैक्षिक, निवास प्रमाण पत्रों की जांच के लिए राजस्व स्टाफ की नियुक्ति, चिकित्सा व्यवस्था में संयुक्त चिकित्सालय से एक चिकित्सक, दो पैरा मेडिकल स्टाफ मय आवश्यक दवा के साथ तैनात रहेंगे। सफाई, भोजन की व्यवस्था आदि पर नगर पालिका के साथ ही व्यापार मंडलों को भी द ुकानों में होटल किराया सूची चस्पा करने व दूर संचार व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया। एसडीएम ने कहा कि अभ्यर्थियों से मनमाना रेट वसूलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टैक्सियों के खटीमा से आगे संचालन के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी टनकपुर अस्थायी परमिट भी जारी करेंगे।