डीएम कार्यालय में तैनात अर्दली और बाबू के बीच हैंडपंप लगवाने को लेकर विवाद हो गया है। दोनों चौकी गांव के निवासी हैं। जल संस्थान की ओर से चौकी गांव में हैंडपंप लगवाया जा रहा है। जगह चयन को लेकर हुआ विवाद पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया।
डीएम कार्यालय में तैनात अर्दली रमेश नाथ और चौकी ग्राम पंचायत के प्रधान मोहन चंद्र पांडेय ने गांव की महिलाओं के साथ डीएम एसएन पांडेय और एसपी धीरेंद्र गुंज्याल को शिकायती पत्र सौंपा है। रमेश नाथ का कहना है कि डीएम कार्यालय में तैनात बाबू नवीन देउपा ने पहले तो हैंडपंप लगवाने का कार्य बंद करवा दिया और बाद में प्रस्तावित जगह से उसे कहीं अन्यत्र लगवाना शुरू कर दिया।
बुधवार सुबह जब उन्होंने हैंडपंप की जगह बदलवाने को लेकर वन पंचायत गेट के पास गए तो नवीन देउपा ने उनके साथ गाली गलौच करने के साथ मारपीट की। उस समय घटना स्थल पर गांव के ग्राम प्रधान भी मौजूद थे।
इस मामले में कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि अर्दली रमेश नाथ के तहरीर पर धारा 323 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है, जबकि कलक्ट्रेट के बाबू नवीन देउपा का कहना है कि रमेश नाथ स्वीकृत हैंडपंप को अपने घर के पास लगवाना चाहते थे। यह फारेस्ट गेट पास स्वीकृत है। जहां तक मारपीट और गाली गलौच का आरोप है वह उन्होंने मेरे साथ की है। जिसकी वह भी रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
महिलाओं और ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में किया प्रदर्शन
चंपावत। हैंडपंप लगाने को लेकर चौकी ग्राम पंचायत की महिलाओं और ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में बुधवार को प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं व ग्रामीणों में लीलावती शर्मा, सुनीता देवी, ज्योति पुजारी, विनीता देवी, लक्ष्मी देवी, हजारी देवी, कलावती बिष्ट, देवकी देवी, भागीरथी बिष्ट, जसोदा, गोपाल, गंगा सिंह, सोनर गिरि आदि शामिल रहे।