बनबसा पुलिस की पकड़ में किशोरी को भगाने वाला युवक।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। सप्ताहभर पूर्व क्षेत्र से लापता एक किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। किशोरी को शादी का झांसा देकर यूपी ले जाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एक किशोरी छह जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने सात जनवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज करा अज्ञात व्यक्ति पर पर उसे बहला फुसलाने का संदेह भी जताया था। लापता किशोरी को बरामद करने के लिए एसआई अंजू यादव के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया। दल ने किशोरी की तलाश के लिए कई जिलों में संपर्क किया। किशोरी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखकर क्षेत्र के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई। किशोरी के हवाले से पुलिस ने बताया कि थाना सआदतगंज, जिला बदायूं यूपी के ग्राम खेड़ाकिसनी पोस्ट कुटरा निवासी जितेंद्र (22) बनबसा में रंगाई-पुताई करता है। वह छह जनवरी को शादी का झांसा देकर उसे यूपी के जिला फर्रूखाबाद ले गया लेकिन जब जितेंद्र को किशोरी की गुमशुदगी दर्ज होने का पता चला तो वह किशोरी को वापस बनबसा ला रहा था। इसी बीच पुलिस ने सोमवार को युगल को बनबसा में हाइवे किनारे स्ट्रांग फार्म के पास से पकड़ लिया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुमन पंत ने बताया कि जितेंद्र पर आईपीसी की धारा 363/366/367 और 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दायर किया गया है।