लोहाघाट के ठाडाढुंगा वार्ड में समस्याएं सुनते विधायक पूरन सिंह फर्त्याल।
- फोटो : अमर उजाला
विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने नगर क्षेत्र में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर सीसीटीवी लगाने के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
ठाड़ाढुंगा मोहल्ले के आयोजित चोपाल में उमेश पांडेय, बब्बू पांडेय, लोकेश पांडेय, ईश्वरी दत्त पांडेय, नवीन पांडेय, सीमा, दया, चंद्रकला और भगवती ने पेयजल सहित कई समस्याएं रखीं। विधायक ने कई समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए अन्य के निदान का भरोसा दिलाया। विधायक ने जीजीआईसी से ओकलैंड पब्लिक स्कूल तक सड़क मार्ग बनाने के लिए आ रही दिक्कतों को शासन स्तर पर समाधान करने का आश्वासन दिया। बताया कि प्रथम चरण में 10 सीसीटीवी लगाए जाएंगे।
जिसमें हथरंगिया, एसडीएम कोर्ट तिराहे, मीना बाजार चौराहा, गांधी चौक, सीएचसी के सामने, खड़ी बाजार में राय वस्त्र भंडार के पास, अतुल होटल के सामने दो, वीर कालू सिंह माहरा चौक के पास, शराब की दुकान के पास सीसीटीवी लगाए जाएंगे। जबकि दूसरे चरण में मोहल्लों और नगर के छूटे स्थानों पर सीसीटीवी लगेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा ने बताया कि इन सीसीटीवी का नियंत्रण कक्ष पुलिस थाना लोहाघाट में रहेगा। इस मौके पर मोहित पाठक, नवीन बोहरा, गोविंद वर्मा, सभासद विमल कलौनी आदि मौजूद थे।